एक वीडियो में नसीरुद्दीन शाह ने कहा, ''कई इलाकों में हम देख रहे हैं कि एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत से ज़्यादा एक गाय की मौत को अहमियत दी जा रही है. ऐसे माहौल में मुझे अपनी औलादों के बारे में सोचकर फिक्र होती है.''
नसीरुद्दीन शाह इस वीडियो में कहते हैं, ''देश के माहौल में काफ़ी ज़हर फैल चुका है. इसे जिन्न की बोतल में डालना मुश्किल दिख रहा है.''
कुछ दिन पहले ही उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में कथित गोकशी के बाद हिंसा भड़क गई थी.
इस हिंसा के दौरान किसी ने इंस्पेक्टर सुबोध सिंह को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई.
सोहारबुद्दीन शेख एनकाउंटर केस में आज फ़ैसला संभव
सोहराबुद्दीन एनकाउंटर केस में आज मुंबई में सीबीआई की विशेष अदालत फ़ैसला सुना सकती है.
साल 2005 में गुजरात पुलिस ने कथित तौर पर सोहराबुद्दीन शेख का अहमदाबाद एयरपोर्ट के पीछे एक स्थान पर एनकाउंटर किया था.
सोहराबुद्दीन पर चरमपंथी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के साथ जुड़े होने और गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और आंध्र प्रदेश में हथियार सप्लाई करने के आरोप थे.
नाराज़ पासवान शाह के बाद अब जेटली से मिलेंगे
बीते कुछ दिनों से ट्विटर पर भारतीय जनता पार्टी से नाराज़गी ज़ाहिर करने वाले लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान अपने पिता राम विलास पासवान संग गुरुवार को अमित शाह से मिले.
इस मुलाकात के बाद चिराग और राम विलास शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली से मुलाकात करेंगे.
माना जा रहा है कि पासवान की नाराज़गी दूर करने की ज़िम्मेदारी जेटली को दी गई है.
बिहार में एनडीए गतिरोध को दूर करने के साथ ही सीटों के बंटवारे के फॉर्मूले को अंतिम रूप शाह और जेटली की जोड़ी देगी.
आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी दिल्ली आ रहे हैं.
ऐसे में ये मुलाकात ख़ास इसलिए भी हो जाती है क्योंकि गुरुवार को ही बिहार में एनडीए के ख़िलाफ़ तेजस्वी, जीतनराम, शरद यादव, कांग्रेस के साथ अब उपेंद्र कुशवाहा भी आ गए हैं.
No comments:
Post a Comment